-
Saturday, 13th June, 2026
बांसगांव
रूरल न्यूज नेटवर्क। बांसगांव तहसील सभागार में
शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 150 प्रार्थना पत्र
प्राप्त हुए। इनमें से मौके पर केवल तीन शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। शेष सभी
शिकायतों को संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान के
लिए भेज दिया गया है। संपूर्ण समाधान
दिवस की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी प्रदीप सिंह ने की। उनके साथ तहसीलदार सुशील
कुमार भारतीय, खंड विकास अधिकारी रजत गुप्ता और नायब तहसीलदार
राकेश शुक्ला भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं
और संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस समाधान दिवस में राजस्व, भूमि विवाद, आवास, पेंशन, सड़क, जल निकासी और बिजली जैसी जनसमस्याओं से जुड़े मामलों की
अधिकता रही। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायतों के समाधान की उम्मीद लेकर
तहसील पहुंचे थे।
हालांकि, इस बार जिले स्तर से किसी वरिष्ठ अधिकारी के न पहुंचने की
चर्चा पूरे दिन होती रही। कई फरियादियों को उम्मीद थी कि उच्च अधिकारियों की
मौजूदगी से उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान होगा, लेकिन जिले से
कोई विशेष अधिकारी न आने के कारण कुछ लोग मायूस होकर अपनी शिकायत दर्ज कराकर लौट
गए।
तहसील दिवस में सभी संबंधित
विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों के
त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण की
गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक आशीष शाही, करुणेश कुमार श्रीवास्तव, राजेश पाठक, नितेश कुमार सहित तहसील और विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और शिकायतों के निस्तारण को लेकर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।