गोरखपुर में मतदाता सूची में नाम जोड़ने का सुनहरा मौका
गोरखपुर : मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए लोगों और सूची से नाम कटने की समस्या का सामना कर रहे मतदाताओं को एक और मौका मिलेगा। इसके लिए 17 और 24 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। दोनों दिन बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहकर मतदाताओं के आवेदन प्राप्त करेंगे और जरूरी सहायता उपलब्ध कराएंगे। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बीएलओ से प्राप्ति रसीद दिलाना अनिवार्य होगा। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की ओर से जमा कराए गए आवेदनों पर भी रसीद देनी होगी। इससे आवेदन जमा होने का प्रमाण रहेगा और उसके निस्तारण की स्थिति का पता लगाने में सुविधा होगी। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रपत्र-6, किसी मतदाता का नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 और मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन कराने के लिए प्रपत्र-8 भरना होगा। डीएम ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने विधानसभा क्षेत्रों में विशेष अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। मतदान केंद्रों पर आने वाले लोगों को प्रपत्र भरने में सहायता देने के साथ आवेदनों की समय से प्रविष्टि भी सुनिश्चित की जाए।