ग्राहक बनकर पहुंचे दंपति, सर्राफ को झांसा देकर चुराई दो अंगूठियां
गोरखपुर : सर्राफ को झांसा देकर दुकान से सोने की दो अंगूठियां चोरी करने वाले दंपति को रामगढ़ताल थाना पुलिस ने सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। दोनों मऊ जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई दोनों अंगूठियां और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। आरोपितों की पहचान मऊ जिले के घोसी स्थित कस्बा खटकाना निवासी दीपक सोनकर और उसकी पत्नी मीरा सोनकर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, छह सितंबर को महिला अपने पति के साथ बाइक से खिरवनिया स्थित रामवचन ज्वेलर्स पहुंची थी। दोनों ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए। महिला ने दुकानदार से लॉकेट और अंगूठियां दिखाने को कहा। दुकानदार जब उसे आभूषण दिखाने में व्यस्त था, उसी दौरान महिला ने मौका पाकर दो अंगूठियां पहन लीं।इसी बीच महिला का पति फोन पर बात करने के बहाने दुकान से बाहर निकल गया। कुछ देर बाद महिला भी दुकान से बाहर आ गई और दोनों बाइक से फरार हो गए। बाद में आभूषणों की गिनती करने पर दुकानदार को दो अंगूठियां गायब मिलीं। घटना के बाद पुलिस ने दुकान में लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें महिला के अंगूठियां पहनने और दोनों के दुकान से बाहर निकलने की तस्वीरें सामने आईं। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित हुआ था। पुलिस ने फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। सोमवार सुबह उपनिरीक्षक अंकुर सिंह की टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। सीओ कैंट कीर्तिनिधि आनंद ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने घूम-घूमकर चोरी करने की बात स्वीकार की है।