31 महीने बाद राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप-स्पोर्ट्स सिटी को मिली पर्यावरणीय मंजूरी
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 15 मार्च 2024 को शिलान्यास की गई गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की महत्वाकांक्षी राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप एवं स्पोर्ट्स सिटी परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी मिल गई है। करीब 31 महीने से इस स्वीकृति का इंतजार कर रहे प्राधिकरण को राज्य स्तरीय विशेषज्ञ मूल्यांकन समिति (एसईएसी) के समक्ष प्रस्तुतीकरण के बाद मंजूरी मिली। इससे 338.50 करोड़ रुपये की परियोजना के निर्माण कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप एवं स्पोर्ट्स सिटी परियोजना को टर्म्स ऑफ रेफरेंस (टीओआर) की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी थी। रेरा की मंजूरी के बाद प्राधिकरण प्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया भी संचालित कर रहा है। 207 एकड़ में विकसित होने वाली इस परियोजना में 174 एकड़ में आधुनिक टाउनशिप और 33 एकड़ में स्पोर्ट्स सिटी बनाई जाएगी। योजना के तहत कुल 2272 प्लॉट प्रस्तावित हैं। इनमें 1412 आवासीय, 46 व्यावसायिक और 794 बिल्डर प्लॉट शामिल हैं। इसके अलावा दो अस्पताल, दो स्कूल/क्लब, पांच क्लीनिक और चार छात्रावास भी प्रस्तावित हैं। करीब 18 एकड़ भूमि के मुद्रीकरण का अधिकार डेवलपर पीकेएच प्रोजेक्ट एलएलपी को मिला है। पर्यावरणीय मंजूरी मिलने के बाद परियोजना के शेष निर्माण कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।