गोरखपुर में छात्रा अर्चना गौड़ बनीं एक दिन की थानाध्यक्ष, फरियादियों की समस्याएं सुनीं
गोरखपुर : पुलिस ने महिला सशक्तिकरण और छात्राओं में नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के लिए एक पहल की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चिलुआताल थाने में 12वीं की छात्रा अर्चना गौड़ को एक दिन का थानाध्यक्ष बनाया गया। थानाध्यक्ष बनीं अर्चना ने थाने पहुंचे फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने शिकायतों के जल्द समाधान के लिए पुलिसकर्मियों को जरूरी निर्देश दिए। अर्चना मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज की छात्रा हैं। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली, जनसुनवाई और शिकायत निपटान की प्रक्रिया को समझा। उन्होंने महिला अपराधों को कम करने और उन पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए। चिलुआताल के थानाध्यक्ष सूरज सिंह ने अर्चना गौड़ को सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि यह पहल छात्राओं में आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी बढ़ाने में मदद करेगी।