सीएम योगी 17अक्टूबर को करेंगे भोपा बाजार ओवरब्रिज का उद्घाटन, डीएम दीपक मीणा ने तैयारियों का जायजा लिया
गोरखपुर : चौरी चौरा के भोपा बाजार रेलवे क्रॉसिंग संख्या 147-बी पर नवनिर्मित ओवरब्रिज का 17 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर मंगलवार सुबह 11बजे डीएम दीपक मीणा ने अधिकारियों के साथ ओवरब्रिज, हेलीपैड, पार्किंग और जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में मिली कमियों को जल्द दूर करने और सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। इसी को लेकर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे डीएम दीपक मीणा और सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी ने सेतु निगम व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। डीएम ने नवनिर्मित ओवरब्रिज पर पैदल चलकर निर्माण कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों को ओवरब्रिज पर चढ़ने और उतरने के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही ओवरब्रिज के दोनों तरफ लगी जालियों का काम जल्द पूरा कराने को कहा। गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर नगर निगम क्षेत्र से नगर पंचायत क्षेत्र तक डिवाइडर की सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था सुचारु रहे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए डीएम ने हेलीपैड, पार्किंग और जनसभा स्थल के लिए निर्धारित स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी समिति परिसर में पार्किंग की व्यवस्था का भी जायजा लिया। हेलीपैड के लिए फुटहवाइनार में भी स्थल का निरीक्षण किया गया है। डीएम ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद डीएम ने तहसील में अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सीओ चौरी चौरा कुंदन कुमार सिंह, तहसीलदार संजय कुमार सिंह, ईओ मनोज मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा, सेतु निगम के अधिकारी समेत अन्य विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।