-
Monday, 15th June, 2026
चरगांवा
रूरल न्यूज नेटवर्क। राप्ती नदी के
किनारे नगर निगम द्वारा विकसित किए जा रहे इको पार्क और राजघाट पुल से बाघागाड़ा
तक बने फोरलेन सड़क का उद्घाटन 23 अप्रैल को योगी
आदित्यनाथ द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम को लेकर नगर निगम ने अपनी
तैयारियां तेज कर दी हैं।
उद्घाटन से पहले नगर निगम
की तैयारी
इसी को देखते हुए नगर
आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं
का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इको पार्क को और आकर्षक व उपयोगी बनाने
के लिए कई निर्देश दिए। उन्होंने कहा
कि पार्क के मुख्य गेट को भव्य बनाया जाए, ताकि आने वाले
लोगों को अच्छा अनुभव मिले। साथ ही एकल बांधा स्थित लिगेसी वेस्ट साइड पर इको
पार्क की थीम के अनुसार सुंदर पेंटिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।
नगर आयुक्त ने मूर्ति
विसर्जन स्थल और पार्किंग की जगहों पर साफ-साफ साइन बोर्ड लगाने पर जोर दिया, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके अलावा सड़क
के डिवाइडर और रेलिंग की पेंटिंग कराने और ट्रैफिक संकेतकों को सही तरीके से लगाने
के निर्देश भी दिए गए।
इको पार्क को शहर का एक
प्रमुख आकर्षण बनाने की योजना है। यहां बच्चों के लिए आधुनिक खेल उपकरण लगाए जा
रहे हैं, जिससे परिवार के साथ आने वाले लोगों को बेहतर
सुविधा मिल सके।
पार्क में बने पोखर में
पैडल बोटिंग की व्यवस्था भी की जा रही है, जो लोगों के
लिए खास आकर्षण होगी। इसके अलावा हरियाली, वॉकिंग ट्रैक
और बैठने की अच्छी व्यवस्था पार्क को सुकून भरी जगह बनाएगी।
राजघाट पुल से बाघागाड़ा तक
बना फोरलेन सड़क मार्ग वाराणसी जाने वाले लोगों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा।
इससे यात्रा आसान होगी, समय बचेगा और
जाम की समस्या भी कम होगी।
नगर निगम के अधिकारियों को सभी काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उद्घाटन कार्यक्रम में कोई कमी न रह जाए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, अधिशासी अभियंता अशोक भाटी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।