गगहा में दिव्यांग बच्चों के लिए पहला परामर्श शिविर
गोरखपुर : गगहा विकासखंड में बुधवार को समावेशी शिक्षा के तहत पहला अभिभावक परामर्श शिविर लगा। इसकी अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रदीप शर्मा ने की। ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. सुमंत सिंह और ब्लॉक मंत्री ने मां सरस्वती के चित्र पर फूल चढ़ाकर कार्यक्रम शुरू किया। स्पेशल एजुकेटर सतपाल सिंह, राजू यादव और राजकुमार यादव ने दिव्यांग बच्चों के माता-पिता को उनकी देखभाल, पढ़ाई में मदद और उनकी क्षमताएं बढ़ाने के तरीके बताए। उन्हें होम बेस्ड एजुकेशन, एस्कॉर्ट अलाउंस, स्टाइपेंड और सहायक उपकरण बांटने जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। शिविर में 50 से ज्यादा माता-पिता शामिल हुए। राजकुमार यादव ने कहा कि सही मार्गदर्शन, लगातार मदद और शिक्षा से दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाकर समाज से जोड़ा जा सकता है।