पिपराइच में विवादित जमीन पर फिर कब्जे की कोशिश, कबाड़ी रोड स्तिथ चर्चित भूमि पर बार-बार हो रहा विवाद
पिपराइच : उपनगर के कबाड़ी रोड स्थित एक मार्ट के सामने चर्चित भूमि को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। आरोप है कि विवादित भूमि पर फिर कब्जे का प्रयास किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शांति भंग की आशंका में संबंधित को चालान किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस भूमि को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा है।इसके बावजूद विवाद का स्थायी समाधान नहीं होने से बार-बार कब्जे के प्रयास में विवाद की स्थिति पैदा हो रही है।लोगों का आरोप है कि यदि पुलिस और राजस्व विभाग समय रहते मामले में प्रभावी कार्रवाई करते तो बार-बार विवाद की नौबत नहीं आती। मौके पर विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहुंचकर स्थिति संभाली और शांति भंग की आशंका में चालान की कार्रवाई की। हालांकि सवाल यह है कि हर बार विवाद की स्थिति बनने के बाद चालान की कार्रवाई करने के बजाय मूल विवाद का स्थायी समाधान कब होगा। स्थानीय लोगों के मुताबिक विवादित भूमि पर दोबारा गतिविधि शुरू होने से भविष्य में फिर तनाव की स्थिति बन सकती है। भूमि विवाद का मूल समाधान राजस्व अभिलेखों, पैमाइश और सीमांकन से जुड़ा है। ऐसे में स्थानीय लोगों का कहना है कि राजस्व विभाग की ओर से भूमि की स्थिति स्पष्ट कराकर सीमांकन और आवश्यक कार्रवाई नहीं होने के कारण विवाद बार-बार सामने आ रहा है। लोगों की मांग है कि राजस्व टीम मौके पर पहुंचकर अभिलेखों के आधार पर भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करे, जिससे कब्जे को लेकर चल रहा विवाद समाप्त हो सके। मामले में पुलिस की तत्काल कार्रवाई से फिलहाल स्थिति नियंत्रित हो गई, लेकिन विवाद का स्थायी समाधान नहीं होने पर तनाव की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को कानून-व्यवस्था और राजस्व विभाग को भूमि की स्थिति स्पष्ट करने की जिम्मेदारी निभानी होगी। तभी इस चर्चित भूमि पर बार-बार होने वाले कब्जे के प्रयास पर रोक लग सकेगी।