निर्माणाधीन मकान से लोहे के फ्रेमचोरी, पीड़ित को नहीं मिली जनसुनवाई पर्ची
पिपराइच : पिपराइच क्षेत्र के बेला हल्का अंतर्गत इस्लामपुर में निर्माणाधीन मकान से चोर करीब 7×10 फीट आकार के चार लोहे के फ्रेम चोरी कर ले गए। चोरी की जानकारी होने पर पीड़ित ने 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की, लेकिन चोरी गए सामान का कोई सुराग नहीं मिल सका। क्षेत्र के गोबिंदपुर निवासी मिथुन शर्मा श्री राम ट्रेडर्स के नाम से बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान चलाते हैं। दुकान के बगल में ही वह मकान का निर्माण करा रहे हैं। पीड़ित के अनुसार, 30 सितंबर की देर रात अज्ञात चोर निर्माणाधीन मकान में रखे चार लोहे के फ्रेम उठा ले गए। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे जब वह मौके पर पहुंचे तो फ्रेम गायब मिले। आसपास खोजबीन करने के बाद भी सामान का पता नहीं चला। इसके बाद पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पीड़ित ने चोरी की घटना के संबंध में पिपराइच थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई तथा चोरी गए लोहे के फ्रेम बरामद कराने की मांग की है। पीड़ित मिथुन शर्मा का आरोप है कि वह चोरी की तहरीर लेकर थाने पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने पहले जांच करने की बात कहकर मामले को टाल दिया। उनका कहना है कि तहरीर देने के बावजूद उन्हें उसकी कोई रिसीविंग अथवा जनसुनवाई की पर्ची नहीं दी गई। खबर लिखे जाने तक चोरी के मामले में प्राथमिकी भी दर्ज नहीं की गई थी। पीड़ित का कहना है कि चोरी की घटना के बाद सामान की तलाश और कार्रवाई की उम्मीद में वह थाने पहुंचा, लेकिन तहरीर की प्राप्ति का कोई प्रमाण नहीं मिलने से वह परेशान है। अब उसकी मांग है कि मामले की विधिवत जांच कर चोरी गए चारों लोहे के फ्रेम बरामद किए जाएं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।