किसान जलवायु-अनुकूल खेती के गुर सीखने खेत पहुंचे, सरदारनगर के इब्राहिमपुर में 10वां किसान खेत दिवस
गोरखपुर : सरदारनगर ब्लॉक के इब्राहिमपुर गांव में फार्मर प्रोजेक्ट के तहत 10वां किसान खेत दिवस मनाया गया। इसका मकसद खेती को जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच टिकाऊ और फायदेमंद बनाना था। इसमें 85 किसानों ने हिस्सा लिया, जिनमें 22 महिला किसान भी शामिल थीं। फार्मर प्रोजेक्ट के वरिष्ठ सलाहकार ब्रजेश चंद्र ने ऑनलाइन किसानों को परियोजना के मकसद और गतिविधियों के बारे में बताया। उन्होंने एकीकृत कृषि प्रणाली (आईएफएस) मॉडल, फार्मर प्रोजेक्ट कैलकुलेटर और किसान संवाद के फायदे समझाए। उन्हें अच्छी फसल की किस्मों और पर्यावरण के लिए सही पौध संरक्षण सामग्री के इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर एडीओ कृषि राजीव नंदन यादव, एडीओ पौध संरक्षण, टीएसी, एटीएम, ग्राम पंचायत प्रधान और पीएमवी माल्टिंग्स प्रा. लि. व एक्सेस डेवलपमेंट सर्विसेज के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन सहायक प्रबंधक उत्तम कुमार सरकार और मॉडल स्मार्ट किसान रामेश्वर की देखरेख में हुआ।